कई लोगों ने यह देखा होगा कि 64GB की पेनड्राइव या मेमोरी कार्ड खरीदने के बाद कंप्यूटर में उसकी क्षमता लगभग 59GB के आसपास दिखाई देती है। इसे देखकर अक्सर लोगों को लगता है कि उन्हें कम स्टोरेज मिला है।
असल में यह किसी प्रकार का धोखा नहीं, बल्कि गणना के तरीके का अंतर है। स्टोरेज बनाने वाली कंपनियां 1KB को 1000 बाइट्स, 1MB को 1000KB और 1GB को 1000MB मानती हैं।
वहीं कंप्यूटर और ऑपरेटिंग सिस्टम बाइनरी सिस्टम का उपयोग करते हैं, जिसमें 1KB = 1024 बाइट्स, 1MB = 1024KB और 1GB = 1024MB माना जाता है।
इसी वजह से 64GB की पेनड्राइव कंप्यूटर में लगभग 59.6GB के आसपास दिखाई देती है। इसके अलावा कुछ स्टोरेज सिस्टम फाइलों और फॉर्मेटिंग के लिए भी उपयोग हो जाता है।
यही कारण है कि नई पेनड्राइव, हार्ड डिस्क या मेमोरी कार्ड में हमेशा लिखी गई क्षमता से थोड़ा कम स्टोरेज दिखाई देता है।












