Prayagraj Police News: प्रयागराज में माफिया अतीक अहमद और उसके भाई अशरफ के कथित अवैध साम्राज्य पर पुलिस एक बार फिर बड़ी कार्रवाई की तैयारी में है. प्रयागराज पुलिस ने दोनों भाइयों से जुड़ी करीब 155 करोड़ रुपये की बेनामी संपत्ति चिन्हित की है. यह संपत्ति सदर तहसील क्षेत्र में बताई जा रही है. पुलिस फिलहाल राजस्व अभिलेखों और खतौनी में दर्ज नामों का सत्यापन करा रही है. अधिकारियों के मुताबिक, रिकॉर्ड की जांच पूरी होने के बाद कानूनी प्रक्रिया के तहत संपत्ति कुर्क करने की कार्रवाई की जाएगी. पुलिस की इस कार्रवाई को अतीक-अशरफ की बेनामी संपत्तियों पर चल रही कार्रवाई की अगली कड़ी माना जा रहा है.
पुलिस की जांच में सामने आया कि करोड़ों रुपये की संपत्ति ऐसे लोगों के नाम पर दर्ज है, जिनका अतीक और अशरफ से कथित तौर पर संबंध बताया जा रहा है. राजस्व रिकॉर्ड में जिन लोगों के नाम दर्ज हैं, उनसे संपत्ति खरीदने और उसे हासिल करने के स्रोत के बारे में जानकारी ली गई. पुलिस के अनुसार, पूछताछ में संपत्ति के लिए पर्याप्त और स्पष्ट स्रोत नहीं बताया जा सका. इसके बाद राजस्व रिकॉर्ड के साथ दूसरे दस्तावेजों की भी पड़ताल की गई. जांच आगे बढ़ने पर पुलिस को इन संपत्तियों के माफिया ब्रदर्स से जुड़े होने का शक मजबूत हुआ. अब इसी आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की तैयारी है.
155 करोड़ रुपये की नई संपत्ति
यह पहली बार नहीं है जब प्रयागराज में अतीक और अशरफ से जुड़ी संपत्तियों पर पुलिस ने शिकंजा कसा है. पुलिस के मुताबिक, पिछले महीने लखनऊ, प्रयागराज और कौशांबी में दोनों भाइयों से जुड़ी करीब 350 करोड़ रुपये की बेनामी संपत्तियों पर कार्रवाई की गई थी. इन संपत्तियों को गैंगस्टर एक्ट के तहत कुर्क किया गया था. पुलिस का आरोप है कि अतीक ने अपने प्रभाव और दबदबे का इस्तेमाल कर बड़ी मात्रा में संपत्ति खड़ी की थी. अब 155 करोड़ रुपये की नई संपत्ति सामने आने के बाद जांच और कार्रवाई का दायरा फिर बढ़ गया है. हालांकि, अंतिम कार्रवाई संबंधित दस्तावेजों के सत्यापन और कानूनी प्रक्रिया पूरी होने के बाद ही होगी.
कुर्की की कार्रवाई की जा सकती
फिलहाल प्रयागराज पुलिस का फोकस राजस्व रिकॉर्ड के सत्यापन और संपत्ति से जुड़े दस्तावेजों की जांच पर है. पुलिस की ओर से यह भी देखा जा रहा है कि संपत्ति वास्तव में किसके नाम पर है और उसे खरीदने के लिए रकम का स्रोत क्या था. सत्यापन पूरा होने के बाद गैंगस्टर एक्ट के प्रावधानों के तहत कुर्की की कार्रवाई की जा सकती है. इस कार्रवाई के बाद अतीक-अशरफ की बेनामी संपत्तियों पर पुलिस की मुहिम और तेज होने के संकेत हैं. स्थानीय स्तर पर भी इस कार्रवाई को लेकर लोगों की नजर पुलिस की अगली कार्रवाई पर टिकी हुई है.






