मोबाइल पर कोई जरूरी काम कर रहे हों और अचानक पूरी स्क्रीन पर विज्ञापन दिखाई देने लगे तो परेशानी होना स्वाभाविक है. कई बार फोन इस्तेमाल करते समय, होम स्क्रीन पर या दूसरे ऐप खोलने पर भी विज्ञापन आने लगते हैं. ऐसे में लोग अक्सर फोन की सेटिंग में जाकर विज्ञापन बंद करने की कोशिश करते हैं, लेकिन समस्या बनी रहती है.
इसकी एक वजह मोबाइल में मौजूद कोई संदिग्ध ऐप या ब्राउजर की नोटिफिकेशन भी हो सकती है. साइबर सुरक्षा एजेंसी CERT-In ने अपनी मोबाइल मैलवेयर एडवाइजरी में बताया है कि कुछ ऐप विज्ञापन दिखाने के साथ यूजर की गतिविधियों पर नजर भी रख सकते हैं. ऐसे सॉफ्टवेयर को एडवेयर कहा जाता है.
सबसे पहले समझें, विज्ञापन कहां से आ रहे हैं
हर विज्ञापन खतरनाक नहीं होता. कई मुफ्त ऐप अपने इस्तेमाल के दौरान विज्ञापन दिखाते हैं. लेकिन अगर फोन की होम स्क्रीन पर, दूसरे ऐप इस्तेमाल करते समय या बिना किसी वजह के बार-बार फुल स्क्रीन विज्ञापन आने लगें तो इसकी जांच जरूरी है.
इसके पीछे तीन प्रमुख वजहें हो सकती हैं:
संदिग्ध ऐप: हाल ही में डाउनलोड किया गया कोई गेम, फोटो एडिटर, क्लीनर या दूसरी ऐप विज्ञापन दिखा सकती है.
ब्राउजर नोटिफिकेशन: किसी वेबसाइट को गलती से नोटिफिकेशन भेजने की अनुमति देने पर बार-बार विज्ञापन या संदिग्ध अलर्ट आ सकते हैं.
एडवेयर: कुछ ऐप फोन में अनचाहे विज्ञापन दिखाने के लिए बनाई जाती हैं। ये यूजर की गतिविधियों से जुड़ी जानकारी भी जुटा सकती हैं.

Android फोन से विज्ञापन कैसे बंद करें?
- हाल में डाउनलोड किए गए ऐप जांचें
अगर विज्ञापन अचानक आने शुरू हुए हैं तो देखें कि उससे पहले आपने कौन-सा नया ऐप डाउनलोड किया था.
फोन की Settings में जाकर Apps या App Management खोलें। हाल में इंस्टॉल किए गए ऐप की सूची देखें। जिस ऐप पर संदेह हो और जिसका इस्तेमाल जरूरी नहीं है, उसे Uninstall करें.
- Chrome की वेबसाइट नोटिफिकेशन बंद करें
कई बार वेबसाइट से आने वाले नोटिफिकेशन विज्ञापन की तरह दिखाई देते हैं। इन्हें बंद करने के लिए.
- Google Chrome खोलें.
- तीन डॉट पर क्लिक करके Settings में जाएं.
- Site settings में Notifications खोलें.
- अनजान या संदिग्ध वेबसाइट की अनुमति बंद करें.
अगर किसी खास वेबसाइट से नोटिफिकेशन आ रहे हैं तो उसकी अनुमति हटाना भी एक विकल्प है.
- Google Play Protect से फोन स्कैन करें
फोन में मौजूद संदिग्ध ऐप की जांच के लिए Play Protect का इस्तेमाल किया जा सकता है.
- Google Play Store खोलें.
- ऊपर प्रोफाइल फोटो पर टैप करें.
- Play Protect चुनें.
- Scan पर क्लिक करें.
- Play Protect की सेटिंग में Scan apps with Play Protect चालू रखें.
यह सुविधा संभावित रूप से नुकसान पहुंचाने वाले ऐप की जांच करने में मदद करती है.
- जरूरत पड़े तो Safe Mode में जांच करें
अगर विज्ञापन लगातार आ रहे हैं और संदिग्ध ऐप समझ नहीं आ रहा, तो Android फोन को Safe Mode में शुरू करके जांच की जा सकती है. इस मोड में डाउनलोड किए गए थर्ड-पार्टी ऐप अस्थायी रूप से बंद हो जाते हैं.
अगर Safe Mode में विज्ञापन आना बंद हो जाएं तो किसी डाउनलोड किए गए ऐप की भूमिका होने की आशंका बढ़ जाती है. इसके बाद हाल में इंस्टॉल किए गए संदिग्ध ऐप हटाकर फोन को सामान्य तरीके से रीस्टार्ट करें.
ध्यान रखें कि Safe Mode में जाने का तरीका मोबाइल कंपनी और मॉडल के अनुसार अलग हो सकता है.
इन गलतियों से बचें
- विज्ञापन में दिख रहे ‘फोन में वायरस है’ या ‘अभी स्कैन करें’ जैसे अलर्ट पर बिना जांचे क्लिक न करें.
- WhatsApp या SMS से मिले अनजान APK फाइल इंस्टॉल न करें.
- अनजान ऐप को जरूरत से ज्यादा परमिशन न दें.
- फोन में ऐप और सॉफ्टवेयर अपडेट रखें.
- संदिग्ध विज्ञापन के जरिए बैंकिंग या निजी जानकारी साझा न करें.
ये भी पढ़ेंः कबाड़ी को बेचने के बाद आपका पुराना मोबाइल-लेपटॉप-टीवी का क्या होता है? ई-कचरे की पूरी कहानी
CERT-In ने अपनी एडवाइजरी में अनजान स्रोतों से ऐप डाउनलोड करने से बचने, ऐप की परमिशन जांचने और फोन को अपडेट रखने की सलाह दी है.
विज्ञापन के साथ बैंकिंग अलर्ट भी दिखें तो रहें सावधान
अगर फोन में अचानक विज्ञापन आने के साथ अनजान ऐप दिखाई दें, बैंकिंग ऐप में गड़बड़ी हो या खाते से बिना अनुमति पैसे कटें तो इसे सामान्य परेशानी समझकर नजरअंदाज न करें. संदिग्ध ऐप हटाएं, बैंक को तुरंत सूचना दें और जरूरी पासवर्ड तथा UPI PIN सुरक्षित डिवाइस से बदलें.









