दिल्ली-NCR में शनिवार रात तेज हवाओं के साथ हुई बारिश ने मौसम का मिजाज बदल दिया. दिनभर प्रदूषण और धुंध से परेशान लोगों को अब राहत मिलने की उम्मीद है. दिल्ली के साथ नोएडा, गाजियाबाद और गुरुग्राम के कई इलाकों में बारिश के बाद हवा की गुणवत्ता में सुधार के आसार हैं. मौसम में आए इस बदलाव से सुबह और शाम हल्की ठंड भी महसूस होने लगी है.
पिछले तीन दिनों से दिल्ली-NCR की हवा खराब श्रेणी में बनी हुई थी. प्रदूषण बढ़ने के कारण GRAP-1 की पाबंदियां भी लागू करनी पड़ी थीं. हालांकि, शनिवार शाम से तेज हवाएं चलने लगीं, जिससे हवा में मौजूद प्रदूषक कणों को फैलने में मदद मिली.
दिल्ली-NCR में जमकर बारिश
केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) के मुताबिक, शनिवार को AQI 191 दर्ज किया गया, जो मध्यम श्रेणी में आता है. देर रात दिल्ली के कई हिस्सों के अलावा नोएडा, गाजियाबाद और गुरुग्राम में भी बारिश हुई. इससे हवा साफ होने और प्रदूषण का स्तर कम होने की उम्मीद है.
मौसम विशेषज्ञों का अनुमान है कि तेज हवाओं और बारिश के असर से अगले दो से तीन दिनों तक प्रदूषण से कुछ राहत मिल सकती है. हालांकि, हवा की गुणवत्ता में कितना सुधार होगा, यह मौसम की स्थिति पर भी निर्भर करेगा.
पश्चिमी विक्षोभ से बदला मौसम
मौसम में अचानक आए बदलाव की वजह पश्चिमी विक्षोभ को माना जा रहा है. मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक, उत्तरी पाकिस्तान और आसपास के इलाकों में एक पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय है. इसके असर से पश्चिमी राजस्थान और हरियाणा में भी मौसम संबंधी गतिविधियां देखने को मिलीं.
शनिवार को हरियाणा के महेंद्रगढ़ और झज्जर समेत कई इलाकों में तेज बारिश हुई. वहीं, राजस्थान के चूरू और अलवर में भी बारिश के साथ ओलावृष्टि दर्ज की गई. इसी मौसम प्रणाली का असर रात में दिल्ली-NCR तक पहुंचा.
मौसम विशेषज्ञों के अनुसार, अक्टूबर के आखिरी दिनों और नवंबर की शुरुआत में एक बार फिर पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो सकता है. इसके चलते दिल्ली, NCR और हरियाणा के कुछ इलाकों में बारिश होने की संभावना है.
ये भी पढ़ेंः PM मोदी वाराणसी में एयर शो देखने के बाद भुवनेश्वर में RBI डेटा सेंटर का करेंगे उद्घाटन, देखें कार्यक्रम
सुबह-शाम को हल्की-हल्की ठंड
बारिश और ठंडी हवाओं के चलते दिल्ली-NCR के तापमान में भी बदलाव आया है. न्यूनतम तापमान सामान्य के आसपास पहुंचने से सुबह और शाम के वक्त हल्की ठंड महसूस होने लगी है. खासकर सुबह घर से निकलने वालों और देर शाम बाहर रहने वाले लोगों को मौसम में ठंडक का अहसास हो सकता है.
फिलहाल बारिश और तेज हवाओं से मौसम सुहावना होने के साथ प्रदूषण से भी राहत मिलने की उम्मीद है. अगर आने वाले दिनों में पश्चिमी विक्षोभ का असर बना रहता है, तो दिल्ली-NCR में ठंड की शुरुआत और महसूस हो सकती है.
देश की राजनीति, क्राइम, लोकल, शिक्षा, व्यापार, खेल की हर छोटी-बड़ी खबरों की सटीक जानकारी के लिए TV21 Network से जुड़े रहें. ताजा खबरें पढ़ने या राजनीति के हर छोटी-बड़ी बारीकी को समझने के लिए TV21 Network चैनल को सब्सक्राइब करें. हर छोटी-बड़ी खबरों के अपडेट के लिए एक कदम आगे रहें.
Google पर खबरों में TV 21 Network ज़्यादा देखना चाहते हैं?
⭐ हमें अपना Preferred Source बनाएं






